मुंबई. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) ने एमसीएलआर आधारित कर्ज की ब्याज दरों में 0.05% कटौती की है। एक साल का एमसीएलआर अब 8.05% से घटकर 8% हो जाएगा। नई दरें 10 नवंबर से लागू होंगी। एसबीआई ने शुक्रवार को ये जानकारी दी। उसका कहना है कि ज्यादातर लोन की ब्याज दरें एक साल के एमसीएलआर से लिंक हैं। बैंक ने कर्ज सस्ता करने के साथ ही जमा की ब्याज दरें भी घटाई हैं। इनमें 0.15% से 0.75% तक कटौती की गई है। हालांकि, ज्यादातर कटौती 2 करोड़ रुपए या इससे ज्यादा की सावधि जमा दरों में की गई है।
एसबाई ने 2 करोड़ रुपए से कम के जमा पर सिर्फ 1 साल से 2 साल की अवधि के लिए ब्याज दर घटाई है। यह 6.40% की बजाय 6.25% हो जाएगी। सीनियर सिटीजन के लिए यह दर 6.90% की बजाय 6.75% होगी।
2 करोड़ या अधिक के जमा पर ब्याज दर
अवधि | मौजूदा ब्याज दर | 10 नवंबर से ब्याज दर |
7-45 दिन | 4.50% | 4% |
46-179 दिन | 5.30% | 4.75% |
180-210 दिन | 5.70% | 5.25% |
211 दिन से 1 साल | 5.70% | 5.25% |
1-2 साल | 6% | 5.25% |
2-3 साल | 6% | 5.25% |
3-5 साल | 5.75% | 5.25% |
5-10 साल | 5.75% | 5.25% |
2 करोड़ या अधिक के जमा पर ब्याज दर (सीनियर सिटीजन के लिए)
अवधि | मौजूदा ब्याज दर | 10 नवंबर से ब्याज दर |
7-45 दिन | 4.80% | 4.50% |
46-179 दिन | 5.80% | 5.25% |
180-210 दिन | 6.20% | 5.75% |
211 दिन से 1 साल | 6.20% | 5.75% |
1-2 साल | 6.50% | 5.75% |
2-3 साल | 6.50% | 5.75% |
3-5 साल | 6.25% | 5.75% |
5-10 साल | 6.25% | 5.75% |
रेपो रेट से जुड़े कर्ज की ब्याज दरों में बदलाव नहीं
एमसीएलआर पर आधारित कर्ज लेने वाले नए ग्राहकों को तुरंत फायदा मिलेगा, लेकिन पुराने ग्राहकों के लिए ब्याज दरें उनके लोन की रीसेट डेट पर ही बदलेंगी। एसबीआई एमसीएलआर के अलावा आरबीआई के रेपो रेट के आधार पर भी कर्ज देता। इससे लिंक कर्ज लेने वाले सभी ग्राहकों को आरबीआई द्वारा रेपो रेट घटाने का फायदा तुरंत मिलता है।