नई दिल्ली. भारत के नए नक्शे पर नेपाल की आपत्ति का जवाब भारतीय विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को दिया। प्रवक्ता रवीश कुमार ने कहा- भारत की ओर से जारी किए गए नए नक्शे में नेपाल से सटी सीमा में बदलाव नहीं है। दरअसल, बुधवार को नेपाल ने भारतीय नक्शे में कालापानी क्षेत्र को दिखाए जाने पर आपत्ति जताई थी।
कुमार ने कहा, ''हमारा नक्शा भारत के संप्रभु क्षेत्र को दर्शाता है। नए नक्शे में नेपाल से सटी भारत की सीमा में किसी प्रकार का बदलाव नहीं किया गया है। भारत-नेपाल के बीच सीमा निर्धारण मौजूदा प्रणाली के तहत जारी है। हम दोनों राष्ट्रों के बीच निकट और मैत्रीपूर्ण संबंध की भावना से इस मसले को बातचीत से सुलझाने के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हैं।''
नए नक्शे में पीओके भारत का हिस्सा
विदेश् मंत्रालय के प्रवक्ता ने कहा- दोनों राष्ट्रों को ऐसी ताकतों से सतर्क रहना चाहिए जो भारत और नेपाल के बीच मतभेद पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। भारत के नए नक्शे में कालापानी क्षेत्र के साथ ही पीओके को नए केंद्र शासित प्रदेश कश्मीर का और गिलिगित बल्तिस्तान को लद्दाख का हिस्सा दिखाया गया है। नेपाली विदेश मंत्रालय का कहना है कि कालपानी नेपाल का हिस्सा है।